एनआईटी हमीरपुर में एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के समापन पर कैडेट्स को सम्मानित करते मुख्य
एनआईटी हमीरपुर में आयोजित दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर संपन्न
दस दिवसीय शिविर में एनसीसी कैडेट्स ने विभिन्न गतिविधियों में लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। एचपी नेवल यूनिट एनसीसी बिलासपुर की ओर से एनआईटी हमीरपुर में सीनियर डिविजन-विंग का दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का समापन मंगलवार को हुआ। समापन समारोह में एनआईटी हमीरपुर के निदेशक प्रो. हीरालाल मुरलीधर सूर्यवंशी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कमांडिंग ऑफिसर कमांडर डॉ. देबासीश गुहा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस मौके पर कैडेट्स की ओर से एक भव्य सांस्कृतिक मनोरंजन कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कैंप के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को मुख्यातिथि की ओर से मेडल देकर सम्मानित किया गया। इसमें विभिन्न गतिविधियों ड्रिल, लाइन एरिया, सांस्कृतिक, बेस्ट कैडेट्स आदि के मेडल बांटे गए। कमांडिंग ऑफिसर कमांडर डॉ. देबासीश गुहा ने कहा कि शिविर में एनसीसी कैडेट्स में सामाजिक मूल्यों को विकसित करने के उद्देश्य से कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ कैडेट्स को व्यक्तित्व विकास के गुर भी सिखाए गए। कैंप के दौरान दिनचर्या में सुबह चार बजे उठना, तैयार होना, योग सहित एक घंटे का शारीरिक व्यायाम करना, उसके बाद स्नान और नाश्ता करना शामिल था। इसके अलावा कैंप में कैडेट्स को हथियारों के साथ ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट, टेंट पिचिंग और कई अन्य सैन्य रणनीतियां सिखाई गईं। इस मौके पर मुख्यातिथि ने भी अपने विचार रखे और कहा कि एनसीसी का उद्देश्य युवाओं में चरित्र, भाईचारा, अनुशासन, एक धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण, साहस की भावना और निस्वार्थ सेवा के आदर्श विकसित करना है। उन्होंने सभी कैडेट्स से कैंप में सिखाई बातों को अपने जीवन में अपनाने की सलाह दी।