बैडमिंटन के युगल मुकाबले में बीटेक के गुरप्रीत और तनिश की जोड़ी प्रथम
आज होगा तकनीकी विवि की अंतर विभागीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर की अंतर विभागीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को बैडमिंटन, फुटबाल और क्रिकेट के मुकाबले खेले गए। बैडमिंटन युगल का पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला बीटेक के गुरप्रीत व तनिश की टीम के साथ बीटेक के ही आयुष व आर्यन की जोड़ी के बीच खेला गया। जिसमें गुरप्रीत और तनिश की जोड़ी विजेता, जबकि आयुष व आर्यन की जोड़ी उपविजेता रही। तीसरे स्थान के लिए एमबीए विभाग के निखिल और अंशुल की जोड़ी ने बाजी मारी।
वहीं, फुटबाल के पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला एमबीए विभाग की ए और बी टीम के बीच खेला गया। फाइनल मुकाबले में एमबीए बी की टीम ने एमबीए ए को 1-0 से पराजित किया। वहीं, क्रिकेट का फाइनल मैच एमबीए और एमबीए पर्यटन विभाग की टीम के बीच खेला गया। एमबीए पर्यटन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित दस ओवर में 67 रन बनाए। 68 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमबीए विभाग की टीम 9.4 ओवर में 64 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। एमबीए पर्यटन विभाग की टीम ने तीन रन से मैच जीता। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विवि की अंतर विभागीय खेलकूद प्रतियोगिता का सोमवार को समापन होगा। अंतिम दिन टेबल टेनिस सहित अन्य मुकाबले खेले जाएंगे।