बड़सर की महारल पंचायत के वार्ड नंबर पांच टिक्कर की घटना
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। बड़सर की महारल पंचायत के वार्ड नंबर पांच टिक्कर में 23 साल की विवाहिता लक्ष्मी देवी का शव फंदे से लटका मिला है। परिजनों के अनुसार लक्ष्मी देवी अपनी 11 माह की बेटी को अपनी सास के पास नहलाने छोड़कर अपने कमरे में चली गई। सास बेटी को नहलाकर बहू के पास देने गई तो उसने दरवाजा नहीं खोला और न ही आवाज लगाने पर क़ोई उत्तर दिया। इसके बाद देर तक दरवाजा नहीं खोला तो इसकी सूचना स्थानीय पंचायत और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पंचायत के प्रधान और प्रतिनिधि तथा पुलिस चौकी दियोटसिद्ध प्रभारी प्रकाश चंद अपनी टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत से बंद कमरे के दरवाजे को तोड़ा गया। जब अंदर देखा तो लक्ष्मी देवी का शव फंदे से लटका था। मृतका का पति संजीव कुमार गुड़गांव में निजी कंपनी में नौकरी करता है। इनकी नवंबर 2023 में शादी हुई थी। डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।