सुजानपुर (हमीरपुर)। कोरोना वायरस चेन तोड़ने को लॉकडाउन के कारण शादियों में भी सोशल डिस्टेंसिंग रखते हुए मास्क लगाकर रस्में पूरी की जा रहीं हैं। जिले के चमियाना गांव में रजनीश कुमार की शादी कांगड़ा के नूरपुर की राखी के साथ हुई। शादी में लड़का पक्ष की ओर से 3 लोग ही बरात में शरीक हो पाए। लड़के के पिता मदन लाल ने बताया कि उन्होंने लड़की पक्ष की ओर से न तो कोई सामान लिया और न ही कोई दहेज लिया। बरात बीते रोज नूरपुर के लिए गई और वहां सात फेरों की रस्में पूरी हुईं। एक रात वहां काटने के बाद दूसरे दिन बरात वापस हुई। दूल्हे के पिता मदन लाल, ताया मेहर सिंह, भाई मनीष कुमार शामिल रहे। न तो कोई बैंड बाजा बजा और न ही लड़के के घर धाम का आयोजन हुआ। रिश्तेदार भी कोई नहीं पहुंचे थे, केवल घर के लोग ही शामिल थे। कोरोना के कारण लोगों को बेहद सादे और कम लोगों के बीच ही शादियां करनी पड़ रही हैं। मदन लाल ने नूरपुर जाने के लिए ई-पास के माध्यम से परमिशन ली हुई थी। लड़की के चाचा विजय राणा ने बताया कि प्रशासन की ओर से उन्हें पास दिया गया। जिसके लिए परिवार ने सरकार व जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा है कि परमिशन मिलने के कारण ही तय समय पर बेटी की शादी कर पाए हैं। खुशी है कि बड़ा आयोजन न करके परिवार के लोग शामिल रहे।