नादौन (हमीरपुर)। स्थानीय बस अड्डे में बुधवार दोपहर एक व्यक्ति ने युवती से छेड़छाड़ कर डाली। युवती ने बहादुरी दिखाते हुए उक्त व्यक्ति को वहीं पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर डाली। देखते ही देखते जनता ने भी व्यक्ति को लात घूंसे जड़ दिए। बुधवार सुबह जब युवती बस अड्डे की एक दुकान पर खरीदारी कर रही थी तो उसी दौरान इस व्यक्ति ने उससे छेड़खानी का प्रयास किया। पिटाई के बाद व्यक्ति को बस अड्डे स्थित पुलिस चौकी ले जाया गया। जहां पर पुलिस ने भी उसे खूब सबक सिखाया, लेकिन युवती ने कोई भी शिकायत दर्ज करवाने से मना कर दिया। आरोपी ने भी मामले में माफी मांगने में ही भलाई समझी और आगे से ऐसा दोबारा न करने व युवती की सहमति से आरोपी को छोड़ दिया गया। इस संबंध में थाना प्रभारी नीरज राणा ने कहा कि युवती ने लिखित में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई। फिर भी पुलिस अपने स्तर पर छानबीन कर रही है।