हमीरपुर की नादौन तहसील परिसर में घुसा पानी। संवाद
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन (हमीरपुर)। जिला हमीरपुर में वीरवार को दोपहर बाद करीब 3:00 बजे जोरदार बारिश हुई। इससे हमीरपुर और नादौन शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। हमीरपुर बस स्टैंड से नादौन मुख्य सड़क मार्ग पर जगह-जगह सीवरेज चैंबर से गंदगी के फव्वारे फूट पड़े। दरअसल शहर के लोगों ने अपने भवनों की छतों पर जमा होने वाले पानी की निकासी पाइपों को सीवरेज लाइन से जोड़ रखा है। बारिश होने पर सीवरेज चैंबर ओवरफ्लो होते हैं। वहीं, हमीरपुर और कांगड़ा को जोड़ने वाले नादौन के ब्यास नदी पर बने पुल पर पानी की निकासी के लिए बने छेद बंद हैं। वीरवार को बारिश के कारण पुल पर बरसात का पानी तथा सिल्ट जमा हो गई। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दोपहिया वाहन चालक तो अपने गंतव्य की ओर जाने के लिए घंटों तक पानी के निकलने का इंतजार करते रहे। बरसात का पानी जमा होने से इस पुल को भी नुकसान पहुंच रहा है। स्थानीय लोगों में विकास, विशाल, बंटू, अमित, काका, सोनू और राजेश आदि का कहना है कि सड़क तथा ब्यास पुल पर पानी जमा हो रहा है। नादौन में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के साथ बनी पुलिया के नीचे पानी की क्रासिंग है, लेकिन नाले के निर्माण के समय विभाग ने इसमें प्रयोग की गई शटरिंग को नहीं हटाया। इससे शहर का सारा पानी सड़क तथा पुल पर जमा हो रहा है।
उधर, बारिश से नादौन तहसील कार्यालय परिसर में भी काफी मात्रा में जलभराव हो गया। यहां वकीलों के बैठने के लिए बने स्टैंड में भी पानी भर जाने से काफी देर तक कार्यालय का कामकाज प्रभावित रहा। आलम यह था कि कार्यालय परिसर में लोगों के घुटनों तक पानी जमा हो गया। भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया और कुछ दुकानों और मकानों के अंदर तक पानी आ गया। गलियों में भी जलभराव हो जाने से आवाजाही में काफी परेशानी हुई।
इस संबंध में एनएचआई हमीरपुर के साइट इंजीनियर अजय ठाकुर ने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा। समस्या पुल पर पानी के निकलने के लिए बने छेद बंद होने की नहीं है, सड़क के किनारे बने नाले के बार-बार बंद होने से दिक्कत पेश आ रही है।