नीबू दौड़ में कंचना चंदेल ने मारी बाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना भोरंज के वृत्त जाहू के आंगनबाड़ी केंद्र नलखा में वो दिन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास विभाग के वृत्त जाहू के पर्यवेक्षक सुनील नड्डा ने की। महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान हिम्मत व सहारा प्रदान करना है। योजना के तहत मासिक धर्म स्वच्छता, बच्चे के विकास के 1000 दिन और महिलाओं एवं बच्चों में एनीमिया की रोकथाम के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म एक ऐसा विषय है जिसके संबंध में आज भी हमारा समाज खुलकर बात नहीं करता। इससे महिलाओं और किशोरियों को कई चुनौतियों को सामना करना पड़ता है। इस दौरान महिलाओं में विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई गईं। नीबू दौड़ में कंचना चंदेल, रेखा व रूपा प्रथम, कुर्सी दौड़ में सरीता देवी ने प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में रजनी देवी व आरती की गोद भराई की गई तथा प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।