हमीरपुर। दि हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन और जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के संयुक्त तत्वावधान में जिले के चलोखर में विश्व उपभोक्ता दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि एडीसी हमीरपुर मनेश यादव रहे। इसके अलावा जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति उपभोक्ता मामले अरविंद शर्मा भी इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दि हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन जो पिछले 38 वर्षों से विश्व उपभोक्ता दिवस पर उपभोक्ताओं की जागरूकता के लिए यह कार्यक्रम आयोजित करता है। इसी कड़ी में हमीरपुर के दूरदराज के गांव चलोखर की सहकारी सभा में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एडीसी मनेश यादव ने संगठन की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसे संगठन समाज को सही दिशा की ओर लेकर जा रहे हैं। हमीरपुर जिला देश का सबसे साक्षर जिला है और यहां के लोग अपने अधिकारों के प्रति पहले से ही जागरूक हैं। साइबर अपराध के दौर में उपभोक्ताओं के साथ फ्रॉड के मामले बढ़ रहे हैं। इसके लिए उपभोक्ताओं को समय-समय पर जागरूक करने का काम दि हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बखूबी कर रहा है। इस अवसर पर सहकारी सभा के प्रांगण में दो पौधे भी रोपित किए। संगठन के महासचिव मनोहर लाल कानूनगो ने संगठन की गतिविधियों के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित संगठन के मुख्य संरक्षक सुशील शर्मा ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के बारे में लोगों को बताया। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जब भी वे कोई सामान खरीदें तो उसका बिल अवश्य लें। इस कार्यक्रम में रणजीत सिंह, शंभू राम, एसके कोड़ा, वीना कपिल और विशाल राणा ने अपने विचार रखे।