भोरंज (हमीरपुर)। महिला एवं बाल विकास विभाग वृत्त जाहू के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र लुद्दर महादेव में शुक्रवार को वो दिन योजना के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता पंचायत प्रधान नीलम कुमारी ने की। शिविर में वृत्त पर्यवेक्षक सुनील नड्डा विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर के दौरान गर्भवती महिला अंजलि की गोद भराई और काव्यांश व शिवांश का अन्नप्रासन करवाया गया। वृत्त पर्यवेक्षक सुनील नड्डा ने महिलाओं को मासिक धर्म में स्वच्छता के बारे में जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग से सीएचओ पूजा ने कहा कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता न रखने पर वैक्टीरियल और फंगल इंफेक्शन होने की संभावना बनी रहती है। यह संक्रमण कभी-कभी यूट्रस तक पहुंच जाता है। उन्होंने मासिक धर्म के दौरान सेनेटरी पैड्स का प्रयोग करने की सलाह दी। इस दौरान आशा कार्यकर्ता कमला देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीना देवी, कुसुमलता, कमलेश कुमारी व अन्य उपस्थित रहे।