हमीरपुर। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की रसोई गैस कंपनी इंडेन ने एक अप्रैल से देशभर में बुनियादी सुरक्षा जांच शुरू की है। हमीरपुर स्थित शहीद सुरजीत सिंह गैस एजेंसी के प्रबंधक संजीव डढवाल ने कहा कि इस मुहिम के तहत इंडेन गैस का डिलीवरी मैन ग्राहकों के घर जाकर एलपीजी कनेक्शन की पूरी तरह मुफ्त जांच करेंगे। इस दौरान ये डिलीवरी मैन ग्राहकों के सिसिंडर, गैस चूल्हा, गैस पाइप और रेगुलेटर की जांच करेंगे। संजीव डढवाल ने कहा कि यदि गैस कनेक्शन का पाइप पांच वर्ष से ज्यादा पुराना है या असुरक्षित रबड़ का पाइप है तो इन्हें डिलीवरी मैन बदल देंगे। इनके लिए ग्राहक को 150 रुपये अदा करने पड़ेंगे। प्रबंधक ने कहा कि सुरक्षा जांच की पुष्टि के बाद ग्राहक के रजिस्टर्ड नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा, जिसको सिस्टम में एजेंसी की ओर से अपडेट किया जाएगा। इसके अलावा ग्राहक अपने कनेक्शन की ई-केवाईसी भी करवा लें। उन्होंने कहा कि सिलिंडर की डिलीवरी के समय ग्राहक को डिलीवरी मैन को डीएसी कोड अवश्य देना चाहिए, ताकि डिलीवरी की पुष्टि की जा सके। यदि किसी ग्राहक का मोबाइल नंबर कनेक्शन में अपडेट नहीं होता तो वह स्वयं एजेंसी में आकर अपडेट करवा सकता है।