भरेड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल भोंरज के तहत क्षेत्र के लोगों को अवाहदेवी से वाया डाडू, हनोह रूट पर लंबी दूरी की बस सेवाओं की कमी है। चंडीगढ़, दिल्ली और शिमला जैसे प्रमुख शहरों के लिए इस रूट से कोई सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं है। स्थानीय लोगों सुरेश, राज कुमार, सुंदर, धर्म चंद, जनक, राजेश, कुलदीप, राकेश, अभिषेक, सक्षम आदि ने बताया कि दिल्ली और शिमला जाने के लिए उन्हें पहले भरेड़ी या जाहू पहुंचना पड़ता है। इससे न केवल उनका समय बर्बाद होता है, बल्कि अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता है। उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम से मांग की है कि अवाहदेवी-डाडू-हनोह रूट पर जल्द लंबी दूरी की बसें चलाई जाएं। एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि रूट पर बस संचालन की मांग प्राप्त नहीं हुई है। यदि ग्रामीण मांग करते हैं तो विचार किया जाएगा।