हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में दवा के काउंटर पर लगी लंबी कतारें मरीजों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। जगह की कमी होने के कारण वहां काफी भीड़ रहती है। काउंटर के ठीक सामने रेडियोथेरेपी ओपीडी भी है। वहां भी मरीजों की कतारें लगी रहती हैं। ऐसे में इस जगह से गुजरने में मरीजों और तीमारदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
साथ ही यहां महिला रोग ओपीडी भी है, जहां से गर्भवती महिलाएं अकसर टेस्ट आदि करवाने के लिए गुजरती हैं। ऐसे में उन्हें वहां से गुजरने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस काउंटर के दूसरी तरफ मेडिसन, हड्डी रोग और शल्य विभाग हैं। वहां के मरीजों को टेस्ट आदि करवाने के लिए इसी रास्ते से होकर जाना पड़ता है। ऐसे में लंबी कतारों में लगे मरीजों के बीच धक्का-मुक्की हो जाती है।
मरीज बीना, पूजा, संतोष और रवि आदि ने कहा कि दवाइयों के लिए काउंटर कहीं खुली जगह पर खोला जाए। क्योंकि इसी रास्ते से मरीजों को भी लाया जाता है ऐसे में दरवाजे के पास कतार लगी होने के कारण काफी दिक्कत होती है। मरीजों ने समस्या समाधान की मांग की है।
वहीं, इस बारे वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि दवा के काउंटर पर जैसे-जैसे दवाई मिलती जाती है भीड़ कम होती जाती है। मरीज और तीमारदार लोगों को बोलकर आसानी से गुजर जाते हैं।