नादौन (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल नादौन का पुराना भवन जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। अभी तक नए भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। यह भवन करीब 70 साल पुराना है। बच्चों के अभिभावकों ने कई बार इस भवन को गिराकर नए भवन का निर्माण करने की मांग की लेकिन अभी तक योजना सिरे नहीं चढ़ पाई है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल नादौन में वर्तमान में 500 के करीब विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अभिभावक काफी समय से मांग कर रहे हैं कि पुराने जर्जर भवन को असुरक्षित घोषित किया जाए और उसके स्थान पर नया भवन बनाया जाए।
अभिभावकों का कहना है कि लगभग 70 वर्ष से भी अधिक समय से यह भवन यहां स्थित है। इसकी कई बार मरम्मत भी हो चुकी है लेकिन इसका कुछ भाग जर्जर अवस्था में है। भवन के एक ओर लाइब्रेरी चलाई जाती थी जिसे जर्जर अवस्था के कारण वहां से बंद करके दूसरी जगह बदलना पड़ा था। छत पर लगी टीन भी अब सड़ने लगी है। उन्होंने भवन को डिस्मेंटल कर नए भवन का निर्माण करने की मांग की है। उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक अनिल कौशल ने कहा कि पुराने भवन को डिस्मेंटल करने के आदेश हो चुके हैं। नए भवन का मैप बनना बाकी है, उसके बाद ही कार्य हो पाएगा।