एप का फाइनल वर्जन लांच, तकनीकी समस्या हल होने से पशुगणना पकड़ेगी गति
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। पशुगणना के लिए निर्धारित अंतिम तिथि को बढ़ाया गया है। अब 25 फरवरी 2025 तक पशुगणना कार्य को समाप्त करने का लक्ष्य तय किया गया है। पहले यह तिथि 31 दिसंबर 2024 तय थी। पशुगणना के लिए इस्तेमाल होने वाली एप में तकनीकी दिक्कत का समाधान भी हो गया है। अब पशुगणना कर रहे कर्मियों को डाटा ऑनलाइन अपलोड करने में परेशानी नहीं हो रही है। पशुगणना के लिए जिस एप का प्रयोग किया जा रहा है, उसका फाइनल वर्जन केंद्रीय पशुपालन मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने दिल्ली में लांच कर दिया है। अंतिम वर्जन के लांच होते ही तकनीकी बाधाएं दूर हुई हैं और पशुगणना कार्य में तेजी आएगी। प्रदेश में पशुगणना कार्य को सितंबर महीने में आरंभ तो कर दिया था लेकिन मोबाइल एप में तकनीकी दिक्कत से पशुगणना का डाटा ऑनलाइन अपलोड नहीं हो पा रहा था। टेस्टिंग के लिए एप के जिस वर्जन का प्रयोग किया गया था, उसका अपडेट वर्जन नहीं आया था। इस बार पशुगणना के लिए मोबाइल एप का इस्तेमाल किया जा रहा है। पशुगणना में गाय, भैंस, गधे सहित अन्य पशुओं की गणना की जा रही है। इससे पहले 2019 में 20वीं पशुगणना हुई थी। पशुपालन विभाग हमीरपुर के सहायक निदेशक परियोजना सतीश वर्मा ने कहा कि पशुगणना के लिए जिस एप का इस्तेमाल हो रहा है, उसका फाइनल वर्जन लांच हो गया है। पशुगणना में आ रही तकनीकी समस्याएं दूर होंगी। पशुगणना के लिए निर्धारित अंतिम तिथि को बढ़ाने से संबंधित नोटिफिकेशन का इंतजार किया जा रहा है।