बाल स्कूल हमीरपुर में आयोजित मॉडल प्रदर्शनी प्रतियोगिता में भाग लेते विद्यार्थी। संवाद
हमीरपुर। शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर में सुरक्षित भवन निर्माण आपदा प्रबंधन को लेकर मंगलवार को खंड स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यशाला में छठी से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने अपने मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने कहा कि मॉडल प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य सुरक्षित भवनों का निर्माण करना है ताकि भूकंप, बाढ़ और भूस्खलन आदि होने पर जान माल के नुकसान को कम किया जा सके। खंड स्तरीय प्रदर्शनी में हमीरपुर ब्लॉक के तीन स्कूलों ने ही मॉडल प्रदर्शनी में अपने मॉडल प्रदर्शित किए। मॉडल प्रदर्शनी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लंबलू का मॉडल प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर ने द्वितीय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बोहणी का मॉडल तृतीय स्थान पर रहा। मॉडलों के मूल्यांकन के लिए लोक निर्माण विभाग और शिक्षा विभाग की टीम का चयन किया गया था। स्कूल प्रधानाचार्य मुश्ताक मोहम्मद ने कहा कि खंड स्तर पर विजेता स्कूल जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगा।