यूथ पार्लियामेंट में केवी हमीरपुर विजेता विद्यार्थी शिक्षकों के साथ। स्कूल।
दो बार के विजेता रहे मानेसर स्कूल को भी पछाड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हरियाणा राज्य के रोहतक में आयोजित यूथ पार्लियामेंट प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर के विद्यार्थियों ने अपनी धाक जमाते हुए पूरे गुरुग्राम रीजन में प्रथम स्थान हासिल किया है। केवि हमीरपुर ने लगातार दो बार के विजेता रहे हरियाणा राज्य के मानेसर एनएसजी को भी इस बार पछाड़ दिया है। स्कूल की इस उपलब्धि के लिए रीजनल ऑफिस गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर वरुण मित्र और असिस्टेंट कमिश्नर टी प्रीतम ने भी छात्र-छात्राओं को बधाई दी है। वहीं, केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर के प्रधानाचार्य सुनील चौहान ने इसे स्कूल शिक्षकों की मेहनत और छात्र-छात्राओं का बेहतरीन उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई दी है। इस प्रतियोगिता में गुरुग्राम रीजन के 62 में से 7 स्कूलों ने हिस्सा लिया था। हर स्कूल से 55 बच्चों ने यूथ पार्लियामेंट में भाग लिया था। गुरुग्राम रीजन के तहत हिमाचल और हरियाणा स्कूल के सभी केंद्रीय विद्यालय आते हैं। केवि हमीरपुर की शिक्षिका रोमा तेगटा ने कहा कि यूथ पार्लियामेंट में देश की संसदीय कार्यप्रणाली के बारे में बच्चों को बताया जाता है। उन्होंने बताया कि केवि हमीरपुर के बच्चों ने बेहतर अभिनय किया था। 11वीं कक्षा की ओजस्वनी ने स्पीकर, अंशिका शर्मा ने प्रधानमंत्री और सानिया शर्मा ने विपक्ष की भूमिका निभाई।