कन्या स्कूल हमीरपुर में हुई जिलास्तरीय अंडर-19 एथलीट मीट
अति आत्मविश्वास में न रहें खिलाड़ी, निरंतर कठिन परिश्रम करते रहें : कौशल
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में आयोजित तीन दिवसीय जिलास्तरीय अंडर-19 एथलीट मीट का समापन शनिवार को हुआ। इसमें उच्च शिक्षा उपनिदेशक अनिल कौशल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। प्रधानाचार्य पूनम चौहान ने मुख्यातिथि का शॉल और टोपी पहनाकर स्वागत किया। मुख्यातिथि ने कहा कि युवा राष्ट्र के निर्माता हैं और इसके लिए युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन और अनुशासन की आवश्यकता है। जो खिलाड़ी विजेता बने हैं वे अति आत्मविश्वास में न रहें क्योंकि कई बार अधिक मेहनत करने वाले का भाग्य साथ नहीं देता। जो खिलाड़ी आज पुरस्कार से वंचित रह गए हैं उन्हें और मेहनत करने की आवश्यकता है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और जो राज्य स्तरीय एथलीट प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए हैं, उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य ने तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में 47 स्कूलों के 232 खिलाड़ियों ने दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो में अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता के समन्वयक राजेंद्र शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान छात्र वर्ग में सुपर मैग्नेट स्कूल का कृशव राजगुरु और छात्रा वर्ग में हिम अकादमी विकासनगर की प्रज्ञा वशिष्ठ को बेस्ट एथलीट चुना गया है। एथलेटिक मीट में लडकों के वर्ग में सुपर मैग्नेट स्कूल की टीम जिलास्तर पर विजेता और ब्लू स्टार स्कूल हमीरपुर की टीम उपविजेता रही। जबकि, छात्रा वर्ग में राजकीय उच्च पाठशाला नरेली की टीम विजेता और हिम अकादमी विकासनगर की टीम उपविजेता रही। जिलास्तरीय एथलीट मीट में 20 छात्र और 20 छात्रा खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। प्रतियोगिता के अंत में मुख्यातिथि ने विजेता खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय एथलीट प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर समस्त स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।