एनएच 03 ,की ब्लास्टिंग से कोल्हूसिद्घ मंदिर को पहुंचा डेढ़ लाख रुपए का नुकसान
मुख्य द्वार और बरामदे की छत क्षतिग्रस्त, मंदिर के पास लगी दो सोलर लाइटें भी गिरीं
निर्माण कंपनी पर अवैज्ञानिक तरीके से ब्लास्टिंग और खोदाई करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणी देवी (हमीरपुर)। हमीरपुर मंडी वाया टौणी देवी अवाहदेवी निर्माणाधीन एनएच 03 की ब्लास्टिंग साइट में स्थित कोल्हूसिद्ध मंदिर में करीब डेढ़ लाख का नुकसान हो गया है। ब्लास्टिंग से टौणी देवी से दो किलोमीटर दूर स्थित आस्था के केंद्र कोल्हू सिद्ध के बरामदे की टीन चट्टानें गिरने से टूट गई है। मंदिर के पास लगी दो सोलर लाइटें भी गिर गई हैं और ब्लास्टिंग से मंदिर के मुख्य द्वार को भी नुकसान पहुंचा है। यह नुकसान शनिवार रात्रि निर्माण कंपनी की ओर से कोल्हू सिद्ध मंदिर के गेट के सामने की गई ब्लास्टिंग से हुआ है। एनएच निर्माण कंपनी को कोल्हूसिद्ध क्षेत्र में ब्लास्टिंग की परमिशन मिली हुई है। ब्लास्टिंग से उड़ने वाले पत्थर और गिरने वाली चट्टानें कोल्हू सिद्ध के ऐतिहासिक मंदिर को खासा नुकसान पहुंचा रही हैं। इससे स्थानीय लोगों को निर्माण कंपनी के प्रति रोष है।
ग्रामीणों जय राज, हरबंस, भूमिराज, देशराज, हंसराज, संजीव, सुनील, रजनीश, रघुबीर आदि ने कोल्हूसिद्ध मंदिर को नुकसान से बचाने की गुहार लगाई है। मंदिर के मुख्य पुजारी रघुबीर सिंह चौहान ने कहा कि निर्माण कंपनी अवैज्ञानिक तरीके से ब्लास्टिंग और खोदाई कर रही है। इससे धार्मिक स्थान को अब तक करीब डेढ़ लाख का नुकसान हो चुका है। बड़ी चट्टानें टीन की छत को फाड़कर बरामदे में लगी टाइलों को भी तोड़ चुकी है। इस बारे में एनएच 03 निर्माण कंपनी के सुपरवाइजर श्रीकांत ने कहा कि नुकसान की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया गया है। करीब डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है। कंपनी की ओर से शीघ्र मरम्मत करवा दी जाएगी।