पुलिस लाइन दोसड़का में डीआईजी मधु सूदन जेसीसी क्राइम बैठक में पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा नि
हमीरपुर। प्रदेश पुलिस की मध्य रेंज मंडी की सलाहकार समिति एवं अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन पुलिस लाइन हमीरपुर में शनिवार को किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता डीआईजी मध्य रेंज मधुसूदन ने की। बैठक में मध्य रेंज में हुए अपराधों की समीक्षा करने के साथ ही पुलिस कर्मचारियों के कल्याण को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में मध्य रेंज के पुलिस अफसर मौजूद रहे। डीआईजी मध्य रेंज मधुसूदन ने कहा कि मध्य क्षेत्र मंडी के तहत आने वाले पांच जिलों की संयुक्त सलाहकार समिति एवं अपराध समीक्षा की बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि संयुक्त सलाहकार समिति के साथ पुलिस कर्मचारियों के कल्याण को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में पांच जिलों की अपराध की समीक्षा की गई। मध्य जोन में अपराध पूरी तरह से नियंत्रण में है। नया फोरलेन मई माह में हिमाचल में खुलने जा रहा है ऐसे में उसको लेकर भी चर्चा की गई। नशा तस्करी के बढ़ते मामलों पर पुलिस लगातार अपना कार्य कर रही है। प्रदेशभर में नशा तस्करों को पकड़ा जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों और समाज से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास निगरानी रखें तथा अपने बच्चों पर भी नजर बनाए रखें। नशे के इस काले कारोबार पर रोक लगाने के लिए समाज के साथ की जरूरत है। नादौन थाना के एसएचओ समेत तीन पुलिस कर्मचारियों के निलंबन पर उन्होंने कहा कि पुलिस एक अनुशासन से जुड़ी हुई फोर्स है। इस मामले में नियमों के मुताबिक एसपी हमीरपुर की तरफ से कार्रवाई की जा रही है। नादौन थाना के एसएचओ समेत तीन पुलिस कर्मचारियों को ड्यूटी पर नशा करने के आरोप में निलंबित किया गया। इस अवसर पर बैठक में हमीरपुर की एसपी डॉ. आकृति शर्मा, कुल्लू की एसपी साक्षी वर्मा, बिलासपुर के एसपी कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन, नार्थ सिटी की एसपी सौम्य वर्मा उपस्थित रहीं।