हमीरपुर में गर्म कपड़ों की खरीदारी करतीं युवतियां और महिलाएं।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिले में करवाचौथ के त्योहार की खरीदारी के लिए मंगलवार को बाजारों में खूब भीड़ उमड़ी। महिलाएं चूड़ियों, गहनों, मिठाइयों और कपड़ों की खरीदारी करने हमीरपुर सहित जिले के मुख्य बाजारों में पहुंचीं। देशभर में करवाचौथ का त्योहार बुधवार को मनाया जाएगा। पति की लंबी आयु के लिए महिलाएं ये व्रत रखती हैं। तड़के उठकर सरगी खाकर महिलाएं दिन भर निर्जल व्रत करती हैं। महिलाएं व्रत के लिए उपयोग होने वाली सामग्री की खरीदारी करने के लिए मंगलवार को बाजारों में पहुंचीं। जिला मुख्यालय के बाजार में पिछले एक सप्ताह से बाजारों में इतनी भीड़ आठ माह देखने को मिल रही है। इससे पूर्व भी कई त्योहार मनाए गए लेकिन, लोगों में कोई खास उत्साह देखने को नहीं मिला। करवाचौथ पर बाजार में लोगों का हुजूम उमड़ गया है। महिलाएं तरह-तरह के मेहंदी के डिजाइन, चूड़ियां, कपड़े और अन्य सामान की खरीदारी कर रही हैं। वहीं, शादी के बाद पहली बार करवाचौथ का त्योहार मनाने वाली शिवानी ने कहा कि वे मेहंदी लगाने बाजार पहुंची हैं। उधर, त्योहारी सीजन में सोमवार और मंगलवार को जिला मुख्यालय के अधिकतर एटीएम खाली हो गए। सोमवार को खाली कई एटीएम में संबंधित बैंकों को मंगलवार सुबह ही कैश डालना पड़ा। मंगलवार शाम तक भी जिला मुख्यालय के चार एटीएम में कैश की किल्लत हो गई। वहीं, जिन एटीएम में कैश था, उनके बाहर लंबी लाइनें देखने को मिलीं। लोगों को कैश निकालने के लिए देर तक कतार में इंतजार करना पड़ा। इस दौरान सामाजिक दूरी नियमों का जमकर उल्लंघन हुआ। कुछ लोग तो बिना मास्क के ही बाजारों में घूम रहे हैं। कोरोना वायरस के कारण कई त्योहार फीके रह गए थे लेकिन, अब बाजार में रौनक लौट आई है और लोग त्योहारी सीजन पर जमकर खरीदारी कर रहे हैं। एसडीएम डॉ. चिरंजी चौहान ने कहा कि त्योहारी सीजन में हमीरपुर सहित अन्य बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। लोगों को कोरोना प्रोटोकाल का पालन कर ही खरीदारी के लिए आना चाहिए। दुकानदारों को बिना मास्क के ग्राहकों को सामान न देने की हिदायत पूर्व में दी गई है।