नादौन (हमीरपुर)। अटल बिहारी वाजपेयी क्रिकेट स्टेडियम अमतर नादौन में बुधवार को अंतर जिला वरिष्ठ वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत कांगड़ा और ऊना के बीच एक दिवसीय मुकाबला हुआ। इसमें कांगड़ा ने ऊना को सात विकेट से हरा दिया। इससे पूर्व कांगड़ा की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। ऊना की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 141 रन बनाए। इसमें पृथ्वी ने 68 रन का योगदान दिया। कांगड़ा की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए रितिक ने छह विकेट हासिल किए। जबकि अविकाश ने दो तथा अर्पित व अपूर्व वालिया ने एक-एक विकेट हासिल किया। 142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कांगड़ा की टीम ने 32.4 ओवर में तीन विकेट पर 145 रन बनाकर यह मुकाबला जीत लिया। इनेश महाजन 77 रन पर नाबाद रहे और सिद्धांत पुरोहित ने 27 रन का योगदान दिया। ऊना की ओर से गेंदबाजी करते हुए पंकज जसवाल, अंकुश बेदी तथा राघव बाली ने एक-एक विकेट हासिल किया। अंत में कांगड़ा की टीम ने सात विकेट से जीत दर्ज की।