वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ भरेड़ी के पदाधिकारी संजय स्वरूप को सम्मानित करते हुए। स्रत्रोत : संवाद
जाहू/भोरंज (हमीरपुर)। प्रदेश सरकार ने भोरंज के एसडीएम संजय स्वरूप का स्थानांतरण कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर में संयुक्त सचिव के पद पर किया है। इस स्थानांतरण पर पिछले तीन दिन से उन्हें सम्मानित करने वालों की होड़ लग गई है। वह भोरंज उपमंडल के ऐसे पहले प्रशासनिक अधिकारी हैंं, जिन्हें स्थानांतरण पर जगह-जगह विदाई समारोह करके सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज में खंड परियोजना अधिकारी एवं प्रधानाचार्य अनिल डोगरा की अध्यक्षता में स्कूल परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान एसडीएम संजय स्वरूप को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा। वहीं, वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ भरेड़ी के सदस्यों की ओर से शिवालिक हाउस भरेड़ी में विदाई समारोह आयोजित किया गया। संजय स्वरूप ने कहा कि साढ़े तीन साल तहसीलदार व डेढ़ साल बतौर एसडीएम भोरंज उपमंडल में अपना घर समझ कर कार्य किया है। लोगों की समस्याओं को हर समय दूर करने का कार्य किया है। इस दौरान भोरंज ब्लॉक समिति चेयरमैन राजेंद्र गारला, एसबीआई भरेड़ी के प्रबंधक आशीश शर्मा, मनोहर लाल, प्रताप शर्मा, चुन्नी लाल शर्मा, कुलवंत आदि मौजूद रहे।