हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के जूनियर ऑफिस असिस्टेंट जेओए आईटी पोस्ट कोड 817 के अभ्यर्थियों का क्रमिक अनशन पांचवें दिन भी जारी रहा है। अभ्यर्थी परीक्षा का अंतिम परिणाम जल्द घोषित करने की मांग को लेकर अनशन पर बैठे हैं। बारिश के बावजूद अभ्यर्थी धरने पर डटे हुए है। इनका स्पष्ट कहना है कि जब तक परिणाम घोषित नहीं होगा वह क्रमिक अनशन जारी रखेंगे। इस परीक्षा के तहत प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों मेें 1855 पदों को भरा जा रहा है। परीक्षा परिणाम तैयार हो चुका है। चयनित अभ्यर्थियों को विभागों का आवंटन किया जा रहा है। परीक्षा मामले के कोर्ट में चले जाने और पेपर लीक प्रकरण के चलते अभ्यर्थियों की नौकरी का इंतजार लंबा हो गया है। हालांकि, राज्य चयन आयोग को भर्ती सौंपे जाने के बाद परिणाम घोषित किए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।