धनेटा कॉलेज के विद्यार्थी हर घर तिरंगा अभियान के तहत रैली निकालने जाते हुए। स्रोत : संस्थ
धनेटा (हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय धनेटा में बुधवार को हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, रोवर एंड रेंजर्स, ईको क्लब, रेड रिबन क्लब आदि के सौजन्य से रैली का आयोजन हुआ। इसकी अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. ज्ञान चंद ने की। प्राचार्य ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में भारतवर्ष के असंख्य वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी है, तब जाकर हमारा देश 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्र हुआ। उन्होंने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने भारत के भविष्य के बारे में अनेक सपने देखे थे, इसलिए हम सबका दायित्व है कि हम उनके सपनों को पूरा करते हुए भारत को विश्व पटल के मानचित्र पर एक सशक्त और विकसित राष्ट्र के रूप में पहचान दिलाने का प्रयास करें। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय के छात्रों ने स्वतंत्रता रैली को महाविद्यालय के प्रांगण से शुरू करते हुए धनेटा के मुख्य बाजार और वहां से पुन: महाविद्यालय तक ले जाकर समाप्त किया, महाविद्यालय के छात्रों ने इस रैली में बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली में समस्त शिक्षक वर्ग प्रो. नीलम कुमारी, डॉ. रजनीश, प्रो. मदन सिंह, डॉ. प्रीतम तथा डॉ. अंजना कुमारी तथा गैर शिक्षक वर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहा।