सीएमओ हमीरपुर तंबाकू निषेध अधिनियम को लेकर प्रशिक्षण देते हुए। स्रोत : विभाग
हमीरपुर। स्वास्थ्य विभाग हमीरपुर ने राष्ट्रीय तंबाकू निषेध अधिनियम 2003 विषय पर जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर, स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों तथा ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हमीरपुर में किया। इस प्रशिक्षण के दो चरणों में 80 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने की। इस दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राकेश ठाकुर ने राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं तंबाकू निषेध अधिनियम के बारे में विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को दी। उन्होंने प्रतिभागियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने कार्यक्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों में समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करें।
इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवी संस्थानों का व्यापक स्तर पर सहयोग सुनिश्चित करें। तंबाकू नियंत्रण के लिए इन संस्थानों में सभी आवश्यक साइन बोर्ड प्रबंधकों के सहयोग से लगवाना सुनिश्चित करें। डॉ. अग्निहोत्री ने अपने संदेश में कहा कि बच्चों को तंबाकू उपयोग से बचाने के साथ-साथ उन्हें जंक फूड से बचाना भी आवश्यक है। शिक्षण संस्थानों में पोषण, स्वच्छता, नशा निवारण और पौष्टिक आहार विषय पर समय-समय पर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन करें और वांछित लक्ष्य पूर्ति के लिए बच्चों के शिक्षकों एवं अभिभावकों के साथ समन्वय स्थापित करें। इस मौके पर सूचना शिक्षा संप्रेषण अधिकारी सुरेश शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।