जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के जाहू में नलों में मिट्टी और दुर्गंधयुक्त पानी आने के मामले में जल शक्ति विभाग के उच्च अधिकारियों ने कड़ा संज्ञान लिया है। मामला सैकड़ों लोगों की सेहत से संबंधित होने के कारण जल शक्ति विभाग के उच्च अधिकारी एकदम हरकत में आए और टैंक का निरीक्षण किया और इसे साफ करने के आदेश जारी कर दिए। जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता जितेंद्र सिंह और अन्य कर्मचारी रविवार को मौके पर पहुंचे और उन्होंने टैंक को साफ किया। पानी के टैंक को साफ करने के बाद पानी थोड़ी देर के लिए छोड़ा गया और पानी को नलों में चेक किया गया। 28 दिन के बाद मेवा-बमसन लगवालती उठाऊ पेयजल योजना का पानी भंडारण टैंकों से नलों में आया। नलों में पहले दिन ही मिट्टी व दुर्गंधयुक्त पानी आने से उपभोक्ता परेशान और हैरान थे। इस समस्या को अमर उजाला में प्रमुखता से उठाने के बाद रविवार को जल शक्ति विभाग के कड़ा संज्ञान लिया है। जल शक्ति विभाग मंडल भोरंज के अधिशाषी अभियंता ओपी भारद्वाज ने नलों में गंदा पानी आने के मामले की जांच के लिए जल शक्ति विभाग उपमंडल लदरौर के सहायक अभियंता राजेंद्र सिंह पठानिया की ड्यूटी लगाई। कनिष्ठ अभियंता जितेंद्र कुमार ने जाहू पंचायत के कांगुघट्टी में बने टैंक का निरीक्षण किया। जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता ओपी भारद्वाज ने कहा कि पानी के टैंक को साफ करने के आदेश जारी कर दिए हैं। कनिष्ठ अभियंता जितेंद्र सिंह की ओर से मौके पर निरीक्षण किया गया और टैंक को साफ भी करवाया। जल शक्ति विभाग लोगों को स्वच्छ पानी देने के लिए वचनबद्ध है। कनिष्ठ अभियंता जितेंद्र सिंह ने कहा कि टैंक को साफ कराया गया है, ताकि लोगों को स्वच्छ पानी मिल सके। वाटर गार्ड को आदेश जारी कर दिए गए हैं कि पानी छोड़ने से पहले इस चेक करें, तभी नलों में पानी की सप्लाई दी जाए।