हमीरपुर। उपमंडल नादौन के अंतर्गत राधा स्वामी सत्संग बसारल में स्थापित संस्थागत क्वारंटीन सेंटर का प्रशासनिक अधिकारियों ने वीरवार को निरीक्षण किया। कुछ लोगों ने शिकायत की थी कि गत दिवस जिले में आए तूफान के कारण बरसात का सारा पानी क्वारंटीन सेंटर में घुस गया। यह निरीक्षण एसडीएम विजय कुमार धीमान के निर्देशों पर हुआ है। इस दौरान क्वारंटीन सेंटर में लगाए गए टेंट, ठहरे हुए लोगों के लिए बिस्तर और भोजन इत्यादि की व्यवस्था की जांच की गई, जोकि मौके पर उचित पाई गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने इस दौरान क्वारंटीन सेंटर में रह रहे लोगों से बात की तथा सभी सुविधाओं पर संतोष प्रकट किया। एसडीएम विजय कुमार ने कहा कि क्वारंटीन सेंटर में कुल 11 लोग हैं और 20 बिस्तर लगाए गए हैं। सेंटर में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं तथा लोगों का खास ख्याल रखा जा रहा है।