नादौन (हमीरपुर)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बदारन में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर के छठे दिन सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने किशोरावस्था विषय पर जानकारी प्रदान की। विभाग से स्वास्थ्य परामर्शदाता इंदिरा कुमारी ने बच्चों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलाव, मानसिक तथा भावनात्मक बदलावों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने बच्चों को बताया कि किशोरावस्था शिक्षा कार्यक्रम का मकसद युवाओं को सटीक तथा उम्र के मुताबिक जानकारी देकर सशक्त बनाना है। इस कार्यक्रम के तहत युवाओं को स्वस्थ दृष्टिकोण विकसित करने और वास्तविक जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए जरूरी कौशल सिखाए जाते हैं। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को सही खानपान तथा नशे से दूर रहने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम में रंगोली और पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के उप प्रधानाचार्य विजय सोनी ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर स्वास्थ्य सुपरवाइजर नरेंद्र कुमार, किरण अश्वनी कुमार, अशोक शर्मा, दिनेश कुमार सहित अन्य अध्यापक उपस्थित रहे।