हमीरपुर। महिला बाल विकास विभाग की ओर से मिशन शक्ति के तहत जिला कार्यक्रम अधिकारी हमीरपुर के सौजन्य से हमीरपुर वार्ड नंबर पांच में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें बेटियों को कौशल विकास के बारे में जागरूक किया गया। कौशल विकास निगम की जिला समन्वयक निशा कटोच ने कौशल विकास निगम की ओर से लड़कियों के लिए चलाई जा रहीं विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि डिग्री कॉलेज और आईटीआई में विभिन्न कोर्स नि:शुल्क चलाए जा रहे हैं। मिशन शक्ति के पदाधिकारियों ने भी विभाग की योजनाओं के बारे में इस दौरान विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेटियों पर बेटों की तरह ही गर्व होना चाहिए। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की शुरुआत प्रधानमंत्री ने 22 जनवरी 2015 को पानीपत, हरियाणा में की थी। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना से पूरे जीवन-काल में शिशु लिंग अनुपात में कमी को रोकने में मदद मिलती है और महिलाओं के सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों का समाधान होता है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के तहत बुनियादी स्तर पर लोगों को प्रशिक्षण देकर, संवेदनशील और जागरूक बनाकर तथा सामुदायिक एकजुटता के माध्यम से उनकी सोच को बदलने पर जोर दिया जा रहा है।