टौणीदेवी (हमीरपुर)। डाक विभाग द्वारा योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सोमवार को टौणी देवी मंदिर परिसर में डाक समाज विकास कार्यक्रम (डीसीडीपी) के तहत मेले का आयोजन किया। इसमें विभाग के कर्मियों के साथ ही अधिकर्ता मौजूद रहे। मेले में डाक विभाग हमीरपुर के निरीक्षक संजीव कुमार ठाकुर और विकास अधिकारी पीएलआई उदय पठानिया ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने लोगों को बचत बैंक के साथ ही योजना खाते, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, आईपीपीबी, मनरेगा खाते, किसान सम्मान निधि खाते और डाक सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डाक विभाग बैकिंग के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है और आगामी दिनों इसमें और विस्तार होगा।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक बचत निवेश डाकघरों के माध्यम से करने का आह्वान किया। उन्होंने विभागीय कर्मियों से आग्रह किया कि वह ग्राम सभाओं में जाकर डाक विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें। इस दौरान बारीं पंचायत के प्रधान रविंद्र ठाकुर, अजीत कुमार, विजय कुमार, सुनील कुमार, पूर्व प्रधान जगदीश चौहान व पुन्नू राम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।