बड़सर (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोहारी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक तथा अन्य गतिविधियों में सराहनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए।
विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि जीवन में कड़ी मेहनत से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। इसलिए वह जीवन में एक बड़ा लक्ष्य तय करें और उसे हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करें। क्षेत्रवासियों की मांग पर सोहारी स्कूल में कॉमर्स की कक्षाएं आरंभ करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इसके लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे।
विधायक ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को अपनी विधायक निधि से ग्यारह हजार रुपये देने की घोषणा की। इससे पहले प्रधानाचार्य दलेर सिंह ने विधायक का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, क्षेत्र के पंचायत जनप्रतिनिधि, बच्चों के अभिभावक और अन्य लोग उपस्थित रहे।