नादौन (हमीरपुर)। एसडीएम नादौन किरण बड़ाना ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि किसी भी समस्या के लिए उनके कार्यालय से जारी किए गए फेसबुक पेज का प्रयोग करें। उन्होंने बताया कि अनावश्यक उनके कार्यालय में आने से बचें और अधिकतर अपने कार्यों के लिए कार्यालय के फोन पर संपर्क करें। बड़ाना ने बताया की व्यवस्था की जा रही है कि उनके कार्यालय से अधिकतर कार्य ऑनलाइन ही करवाए जा सकें। जिसके लिए सबसे पहले एसडीएम के अकाउंट से फेसबुक जारी की गई है। उन्होंने लोगों से कहा कि वह अपने क्षेत्र में इस आपदा के समय आ रही किसी भी समस्या की जानकारी इस फेसबुक पर डाल सकते हैं। उनकी समस्या का समाधान इसी सूचना के आधार पर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए राशन के पैकेट एकत्रित किए जा रहे हैं, जिन्हें रिजर्व किया जा रहा है। यदि किसी क्षेत्र में किसी प्रवासी मजदूर के पास राशन नहीं है तो उनके कार्यालय में संपर्क करें। ऐसे लोगों को प्रशासन की ओर से राशन वितरित किया जाएगा।