संवाद न्यूज एजेंसी
गोंदपुर बनेहड़ा (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भंजाल में मंगलवार को एनएसएस के सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ पूर्व प्रिंसिपल प्रवीण शर्मा और स्टाफ सदस्यों ने मिल कर किया। कार्यकारी प्रिंसिपल राजन शर्मा व स्टाफ ने पूर्व प्रिंसिपल प्रवीण शर्मा को स्मृति चिह्न से सम्मानित किया। प्रवीण शर्मा ने बच्चों को एनएसएस के इतिहास बारे में व्यापक जानकारी दी। स्कूल के कार्यकारी प्रिंसिपल राजन शर्मा ने एनएसएस शिविर के दौरान बच्चों को अनुशासन में रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि एनएसएस से जुड़कर नेतृत्व, अनुशासन और जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता और समाजसेवा की प्रेरणा की भावना विकसित होती है। इस दौरान स्वयंसेवियों की ओर से पाठशाला परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस मौके पर एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी जिला कोऑर्डिनेटर मुकेश कुमार, महिला कार्यक्रम अधिकारी सुनीता कुमारी, वाइस प्रिंसिपल अनु शर्मा, सीमा सोहाल, रमणीक बंसल आदि उपस्थित रहे।