हमीरपुर। पथ परिवहन निगम डिपो हमीरपुर में दिसंबर की प्रति किलोमीटर डीजल औसत नवंबर से बेहतर हुई है। इसके पीछे डिपो प्रबंधन की ओर से किए गए बदलाव कारगर सिद्ध हो रहे हैं। डिपो प्रबंधन ने लंबी दूरी वाले बस रूटों पर सेवाएं दे रहे चालकों को कुछ समय पूर्व बदला है। ये ज्यादा डीजल की खपत कर रहे थे। उनकी जगह अन्य चालकों को लगाया गया है ताकि डिपो के घाटे को किसी हद तक कम किया जा सके।
एचआरटीसी डिपो हमीरपुर ने यह बदलाव लंबी दूरी पर चलने वाली बसों में ही किए हैं। ऐसा करने से बसों की डीजल खपत में कमी आई है। नवंबर में जहां डीजल की औसत प्रति किलोमीटर 3.54 रुपये रहती थी, अब यह बढ़कर 3.69 प्रति किलोमीटर तक पहुंच गई है। डिपो प्रबंधन ने इसके अलावा बसों के फ्यूल इंजेक्शन पंपों में भी बदलाव किया है। जो गाड़ियां ज्यादा डीजल की खपत कर रही थीं उनके पुराने फ्यूल इंजेक्शन पंपों और नोजल को बदलकर नए पुर्जे लगाए गए हैं। इसके अलावा धुंध की समस्या से निपटने के लिए फोकस लाइटें लगाई गई हैं ताकि चालकों को धुंध में भी दूसरे वाहनों को आते हुए देखा जा सके। पथ परिवहन निगम डिपो हमीरपुर ने चंडीगढ़, दिल्ली, हरिद्वार, अमृतसर और जालंधर बस रूटों पर चलने वाले चालकों को बदला है। हालांकि, सर्दियों के मौसम में बसों में सवारियां कम ही बैठ रही हैं। इससे डिपो की आमदनी पर भी असर पड़ रहा है।
बाक्स
पथ परिवहन निगम डिपो हमीरपुर के उपमंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक ने बताया कि लंबी दूरी वाले बस रूटों पर एचआरटीसी प्रबंधन ने चालकों को बदला है। उनके स्थान पर बेहतर औसत देने वाले चालकों को लगाया गया है। ऐसा करने से डिपो की दिसंबर की प्रति किलोमीटर डीजल औसत में वृद्धि हुई है।