रंगस (हमीरपुर)। नादौन पुलिस ने अवैध रूप से शराब बेचने वालों पर शिकंजा कस दिया है। नादौन थाना प्रभारी प्रवीण राणा अपनी टीम के साथ गश्त पर निकले थे। इस दौरान जंगलू पुल के पास बड़ा से जलाड़ी की ओर एक स्कूटी सवार आ रहा था। पुलिस को देख स्कूटी पर सवार देशराज हड़बड़ा गया और भागने की कोशिश करने लगा लेकिन, पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर स्कूटी की आगे की डिग्गी में रखी बोरी में ऊना नंबर वन की एक पेटी मिली। थाना प्रभारी प्रवीण राणा ने कहा कि शराब पेटी को कब्जे में ले लिया है और मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। देशराज गांव कुढेड़ा डाकघर जलाड़ी तहसील नादौन का रहने वाला है।