सिविल अस्पताल भोरंज में चार माह से हड्डी रोग विशेषज्ञ न होने से परेशानी
अस्पताल की रोजाना की ओपीडी है 450 के करीब, क्षेत्र के 33 पंचायतों के लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज (हमीरपुर)। सिविल अस्पताल भोरंज में हड्डी रोग विशेषज्ञ का पद चार माह से खाली चल रहा है। इससे हड्डी रोग के मरीजों को हमीरपुर अस्पताल की ओर रुख करना पड़ रहा है। हमीरपुर अस्पताल भोरंज से 25 से 30 किलोमीटर तक दूर है। यहां जाने में मरीजों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब तीन माह पहले यहां से हड्डी रोग विशेषज्ञ का तबादला हो गया था। तब से यहां पर यह पड़ खाली है। चिकित्सक न होने के चलते क्षेत्र की 33 पंचायतों के ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है। सिविल अस्पताल में 450 के करीब ओपीडी है। क्षेत्र के लोगों सुरेश, कमलजीत, नवीन, कांता देवी, सरला देवी, जमुना राणा आदि ने मांग की है कि हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती की जाए ताकि लोगों को सुविधा हो। हड्डियों में दर्द के मरीज पहले अस्पताल में आते हैं तो यहां बताया जाता है कि चिकित्सक नहीं है। ऐसे में दोबारा हमीरपुर की ओर जाना पड़ता है। इस बारे में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ललित कालिया ने कहा कि रिक्त पद के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है।