हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर ने परौर स्थित डेरे में डेरा प्रमुख गुरिंद्र सिंह ढिल्लो के दर्शनों के लिए आठ विशेष बसें अलग-अलग जगहों से चलाई हैं। संगत को वापस लाने के लिए भी निगम की बसें परौर भेजी जाएंगी। परौर स्थित डेरे में डेरा प्रमुख गुरिंद्र सिंह ढिल्लो के दर्शन के लिए संगत की भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में हमीरपुर डिपो ने जिले के अलग-अलग स्टेशनों से परौर के लिए करीब आठ विशेष बसें चलाई हैं। हमीरपुर डिपो अपनी आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। एचआरटीसी हमीरपुर के उपमंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक ने कहा कि परौर स्थित डेरे में राधा स्वामी सत्संग ब्यास डेरा प्रमुख गुरिंद्र सिंह ढिल्लो के पहुंचने पर संगत उनके दर्शनों के लिए उमड़ती है। ऐसे में संगत को देखते हुए निगम ने आठ बसें जिले के अलग-अलग स्थानों से परौर के लिए चलाई हैं।