गलोड़(हमीरपुर)। पुलिस चौकी गलोड़ के तहत फाहल पंचायत के खुंगण गांव में निर्माणाधीन मकान गिरा दिया गया। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में चार लोगों के खिलाफ गलोड़ पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस के पास दर्ज शिकायत में पुष्पा देवी ने कहा कि वह घर का निर्माण करवा रही है। उसने पिलर पर लिंटर डाला है और गत दिनों दीवारों का काम करवाया जा था। इस बीच रात के समय उसके जेठ, उसके दो लड़कों और उनके एक रिश्तेदार ने सारी दीवारों को दरवाजों सहित गिरा दिया। पुष्पा के पति की कुछ वर्ष पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। पिछले वर्ष मार्च माह में उसका पुराना मकान जलकर राख हो गया। इसके बाद से वह गांव में दूसरे के घर में रहकर जिंदगी काट रही है। पुष्पा ने गांववालों के सहयोग से उसी जगह घर बनाना शुरू किया, लेकिन उसके जेठ, उनके बेटे एवं अन्य दो लोगों ने निर्माणाधीन मकान की सारी दीवारें गिराकर उसका लाखों रुपये का नुकसान कर दिया। पीड़िता ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है कि उसके नुकसान की भरपाई करवाकर उसे न्याय दिलाया जाए। वहीं एएसआई प्रवीण कुमार ने कहा कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।