सुजानपुर राष्ट्र स्तरीय होली मेले का सोमवार को विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया।
- फोटो : अमर उजाला
सुजानपुर राष्ट्र स्तरीय होली मेले का सोमवार को विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों और गैर सरकारी संगठनों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले और त्योहार प्रदेश के लोगों के जीवन का अभिन्न अंग हैं, जो आपसी भाईचारे, प्रेम व एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से भावी पीढ़ी के लिए अपनी समृद्ध संस्कृति व रीति-रिवाजों का संरक्षण करने का आह्वान किया। इसके बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने द्वीप प्रज्ज्वलित कर राष्ट्र स्तरीय होली मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। पहली सांस्कृतिक संध्या की स्टार नाइट नूरा सिस्टर ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। नूरा सिस्टर ने गानों पर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस मौके पर पूर्व विधायक एवं आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा, सीपीएस इंद्रदत्त लखनपाल, विधायक यादविंद्र गोमा, पूर्व संसदीय सचिव अनिता वर्मा, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, गोकुल बुटेल, केसीसी बैंक के अध्यक्ष जगदीश सिपहिया, शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष बलबीर तेगटा, जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष नरेश कुमार, एपीएमसी के अध्यक्ष प्रेम कौशल आदि मौजूद रहे।