हमीरपुर। विधानसभा क्षेत्र बड़सर का बूथ नंबर 59 बल्ह ढटवालिया मतदान में जिलेभर में पहले पायदान पर रहा है। इस मतदान केंद्र में सर्वाधिक 86.27 फीसदी मतदान हुआ। 2017 के विधानसभा चुनाव में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र का बूथ नंबर 69 चलोखर पहले पायदान पर था, जो इस बार एक रैंक गिरकर 85.18 फीसदी के साथ जिले में इस बार दूसरे पायदान पर जा पहुंचा है।
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र का बूथ नंबर 63 घरडाहाट 84.69 फीसदी के साथ जिले में तीसरे नंबर पर रहा। जबकि, विधानसभा क्षेत्र नादौन से कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंद्र सिंह सुक्खू का बूथ नंबर 4 भावड़ां चौथे और बूथ नंबर 5 सेरा पांचवें स्थान पर रहा। जिले में सबसे कम 53.32 फीसदी मतदान हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर सात सैनिक विश्रामगृह पर हुआ।
बूथ नंबर सात नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज कुमार मिन्हास का गृह वार्ड है, जहां से वह पार्षद निर्वाचित हुए। जबकि, 2017 में नादौन विस क्षेत्र के पालवीं बूथ पर सबसे कम 48.11 फीसदी मतदान हुआ था। लेकिन, इस बार सबसे कम मतदान का कलंक हमीरपुर शहर के माथे पर लगा है। वहीं, नगर परिषद हमीरपुर के बूथ नंबर पांच पर भी 54.25 फीसदी ही मतदान हुआ। हालांकि, हमीरपुर विस क्षेत्र में ओवरऑल मतदान 71.28 फीसदी के साथ जिले में तीसरे पायदान पर रहा।
जिले में सुजानपुर में सर्वाधिक मतदान, इस बार 2.18 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज
विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार को हुए मतदान की अंतिम मत प्रतिशतता की संशोधित सूची रविवार को जारी हुई। जिला हमीरपुर में रिकॉर्ड 71.69 फीसदी मतदान हुआ है। 2017 के मुकाबले इस बार 2.18 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
पूर्व में जिले में 69.51 फीसदी मतदान हुआ था। विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर में ओवरऑल सर्वाधिक 73.96 फीसदी मतदान हुआ। जबकि, 73.91 फीसदी के साथ दूसरे नंबर पर नादौन विधानसभा क्षेत्र रहा। वहीं, विस क्षेत्र हमीरपुर 71.28 फीसदी के साथ जिले में तीसरे पायदान पर रहा। सबसे कम मतदान विस क्षेत्र भोरंज में हुआ। यहां 68.55 फीसदी मतदान हुआ। बड़सर विस क्षेत्र में 71.17 फीसदी मतदान हुआ। मतदान करने में पुरुषों के मुकाबले महिलाएं सबसे आगे रहीं।