हमीरपुर। अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन के साथ पकड़े गए दोनों अरोपियों को पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड के दौरान पुलिस सरगना, सौदागरों से लेकर खरीदारों के बारे में पूछताछ कर अहम सबूत जुटाएगी। बता दें कि शुक्रवार को सदर पुलिस ने भोटा के झिरालड़ी कस्बा के पास गाड़ी सवार जिला के दो युवकों से 320 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ से अधिक जबकि लोकल बाजार में 25 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने कहा कि गाड़ी सवार जिला के दो युवकों शिवम पटियाल और सतीश कुमार से 320 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। शिवम बहुतकनीकी कॉलेज में इंजीनियरिंग कर चुका है जबकि दूसरा सतीश चालक है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शनिवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से इन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। रिमांड के दौरान इनसे गहन पूछताछ की जाएगी।