बुंबलू में निर्माणाधीन हैलीपैड। (संवाद)
बड़सर (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र बड़सर के बुंबलू में निर्माणाधीन हेलीपैड का निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। 70 फीसदी तक कार्य पूरा हो गया है। निर्माण कार्य पूरा होते ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू हेलीपैड का उद्घाटन करेंगे। बड़सर में वीआईपी मूवमेंट के लिए कोई भी उचित व्यवस्था नहीं थी। इससे अक्सर भोटा और शाहतलाई में हेलिकाप्टर की लैंडिंग करवाई जाती थी। अब बुंबलू में हेलीपैड का कार्य प्रगति पर है। हेलीपैड बनने से हेलिकाप्टर की लैंडिंग आसानी से होगी।
हेलीपैड का निर्माण कार्य 1.50 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। प्रथम चरण में खड्ड किनारे मैदान को समतल करने और द्वितीय चरण में खड्ड के साथ चहारदीवारी और तृतीय चरण में मैदान को पक्का करके उसे सही आकार देने का कार्य किया जा रहा है। टारिंग सीजन आने पर इसकी टारिंग करवाई जाएगी तथा बीच में कंक्रीट से हेलिकाप्टर की लैंडिंग के लिए एच आकार बनाया जाना बाकी है। हेलीपैड के साथ ही वीआईपी लाउंज भी बनाया जा रहा है। इसके लिए अलग से भवन निर्माण किया जा रहा है। इस बारे में लोक निर्माण विभाग बड़सर के अधिशासी अभियंता राजिंद्र जुबलानी ने कहा कि जून तक हेलीपैड का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। 70 फीसदी कार्य हो चुका है।