बिझड़ी (हमीरपुर)। विकास खंड बिझड़ी के डुगाड़ गांव की अलका देवी ने नागरिक अस्पताल बड़सर में रात्रि सेवाएं दे रहे चिकित्सकों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। अलका देवी ने कहा कि वह सोमवार देरशाम करीब साढ़े सात बजे अपनी 15 वर्षीय बीमार बेटी पायल को लेकर बड़सर अस्पताल पहुंची थी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में सेवाएं दे रहे चिकित्सकों उनकी बेटी की जांच नहीं की और न ही कोई पर्ची पर दवा लिखी। केवल एक इंजेक्शन देकर वहां से चले गए। उन्होंने कहा कि तबीयत अधिक बिगडने पर उन्हें बेटी को निजी मेडिकल स्टोर ले जाना पड़ा। अलका देवी ने कहा कि चिकित्सकों की लापरवाही के कारण उनकी बेटी की जान भी जा सकती थी।
उन्होंने स्थानीय विधायक इंद्रदत्त लखनपाल और मुख्य्मंत्री हेल्पलाइन पर अस्पताल के चिकित्सकों की शिकायत की है। विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वान दिया है। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि इस बारे में उनके पास लिखित रूप में कोई भी शिकायत नहीं आई है। इसके बारे में बीएमओ से बात की जाएगी।