हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में तैनात रेडियोलॉजिस्ट का तबादला करने पर जिला के लोग खफा हो गए हैं। लोगों ने चिकित्सक के तबादला आदेश रद्द करने की मांग सरकार से की है। लोगों ने कहा कि एक बेहतर चिकित्सक के हमीरपुर से जाने के बाद जिला के लोगों को हानि होगी। जो कार्य डॉ. संजीव शर्मा जिला के लोगों के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में कर रहे हैं उस लाभ से लोग वंचित हो जाएंगे। आरसी शर्मा, गौतम शर्मा, अश्वनी शर्मा, शुभम, बीडी शर्मा, विपन शर्मा आदि ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के रेडियोलॉजी विभाग में अल्ट्रासाउंड एवं सीटी स्कैन करने में डॉ. संजीव अव्वल हैं। विश्वसनीय एवं जिला के निवासी होने का लाभ लोगों को अस्पताल में मिलता है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, स्वास्थ्य मंत्री से चिकित्सक के तबादला आदेश रद्द करने की मांग की है। लोगों ने कहा कि इसके लिए लिखित मांग भी सरकार को भेजेंगे।