हमीरपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री की अध्यक्षता में वीरवार को जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया। डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि जिला हमीरपुर में 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक आयुष्मान भव: अभियान को पूर्ण तत्परता से चलाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ सामूहिक प्रयास किए जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत जिले की सभी 248 पंचायतों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सभी छूटे हुए लाभार्थियों को आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना का कार्ड बनवाएंगी। सभी लोगों का आयुष्मान भारत हेल्प अकाउंट बनाएगी, समस्त लोगों की क्षय रोग के लिए स्क्रीनिंग करेगी तथा मधुमेह, उच्च रक्तचाप, कुष्ठरोग, मोटापा, कैंसर आदि गैर संक्रामक रोगों के लिए भी पूछताछ करके पूरा विवरण सी. बेक फार्म में भरेगी। इस टीम में कम से कम तीन सदस्य होंगे। आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की इस टीम का मुखिया, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर या स्वास्थ्य पर्यवेक्षक या स्वास्थ्य कार्यकर्ता में से कोई एक होगा। यह टीमें सोमवार से शुक्रवार तक घर-घर जाकर समस्त लोगों से संपर्क करेंगी तथा शनिवार के दिन आयुष्मान भारत स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन करके इन गतिविधियों से संबंधित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाएगी। इस पखवाड़े के दौरान सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जागरूकता को बढ़ाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। आगामी दो दिन में इन सभी टीमों का गठन करके उन्हें प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। इस अभियान के दौरान जिला हमीरपुर में 1,16,736 आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य है, जिसे शत प्रतिशत पूरा किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत समस्त गतिविधियों का पूरा विवरण आयुष्मान भारत के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। कहा कि उपलब्ध स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों का गहन विश्लेषण करें तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम तत्काल उठाएं। बैठक के दौरान विश्व रोगी सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर सभी प्रतिभागियों को रोगी सुरक्षा शपथ भी दिलाई गई।