हमीरपुर। हिमाचली हिंदी साहित्य से अंग्रेजी में अनुवाद कार्य करने वाले कांगड़ा के अनुवादक पंकज दर्शी हमीरपुर के कथाकार डॉ. संदीप शर्मा की ओर से रचित 4 कहानी संग्रहों की प्रतिनिधि कहानियों को दो भागो में अनुवादित करेंगे। हाल ही में उन्होंने संदीप शर्मा की दो पुस्तकें अपने हिस्से का आसमान और अस्तित्व की तलाश में 14 प्रतिनिधि कहानियों का चयन करके उन्हें अंग्रेजी में अनुवादित किया है। आगामी कार्यक्रम साहित्य और अनुवाद शिमला के ऐतिहासिक स्थल गेयटी थियेटर में 25 जून 2024 को होगा। इसमें इन प्रतिनिधि कहानियों पर चर्चा और अनुभव साझा किए जाएंगे। बहरूपिया कहानी के नाम पर पुस्तक का नाम इंपर्सनेटर रखा गया है। साहित्यकार पंकज दर्शी ने कहा कि संदीप शर्मा की कहानियां पूर्णता आज के युग की कहानियां हैं। उनका सामाजिक बोध और शोध देखने को मिलता है। संदीप शर्मा को कथा बिंब पत्रिका (मुंबई) की ओर से कमलेश्वर स्मृति कथा पुरस्कार-2019, आचार्य अकादमी, चुलियाना, रोहतक, हरियाणा की ओर से आयोजित चौथी अखिल भारतीय हिंदी साहित्य पुरस्कार प्रतियोगिता में कहानी संग्रह माटी तुझे पुकारेगी को राजीव भाई दीक्षित भारतीय इतिहास, स्वदेशी और राष्ट्रभक्ति पुरस्कार श्रेणी में प्रथम पुरस्कार वर्ष 2023 में मिल चुके हैं।