बचपन के सपने को कड़ी मेहनत के दम पर किया साकार
जीहण की शिवानी जसवाल ने मनवाया प्रतिभा का लोहा
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणीदेवी (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत पटलांदर के जीहण गांव की शिवानी जसवाल अब भारतीय सेना में बतौर लेफ्टिनेंट सेवाएं देंगी। शिवानी जसवाल ने सैन्य नर्सिंग सेवा की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। शिवानी के पिता भू व्यवस्था विभाग में कानूनगो और माता सुनीता कुमारी गृहिणी और अभय जसवाल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं। शिवानी की प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पटलांदर से हुई है। शिवानी ने वर्ष 2020-21 में हमीरपुर के निजी कॉलेज से बीएससी नर्सिंग की डिग्री प्राप्त की है। इसके बाद उन्होंने एक वर्ष तक चंडीगढ़ में अपनी पढ़ाई के साथ-साथ प्रशासनिक सेवाओं के टेस्ट के लिए कोचिंग ली। शिवानी को नियुक्ति पत्र मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल है। शिवानी ने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावकों और अध्यापकों को दिया है। उन्होंने कहा कि उनका बचपन से ही भारतीय सेना में सेवाएं देने का सपना का था। इसे कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने हासिल कर लिया है। उन्होंने कहा कि वह दो जून से बंगलूरू में बतौर लेफ्टिनेंट सेवाएं देंगी।