हमीरपुर। डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता वाली प्रदेश भाजपा ने नवगठित प्रदेश कार्यसमिति में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को बड़ा अधिमान दिया है। हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से एक प्रदेश महामंत्री, दो प्रदेश सचिव, एक प्रवक्ता और एक महिला मोर्चा की अध्यक्ष को जगह दी गई है। वर्तमान कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री दोनों हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से हैं। ऐसे में अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के करीबियों को प्रदेश भाजपा ने अपनी नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी में अहम स्थान दिया है।
पहली मर्तबा हमीरपुर जिला में प्रदेश भाजपा में महामंत्री के रूप में राज्य सभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार की नियुक्ति हुई है। खास बात यह है कि नादौन विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले नवनियुक्त प्रदेश भाजपा महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, धर्मपुर विस क्षेत्र से संबंध रखने वाले नरेंद्र अत्री को प्रदेश सचिव, ऊना जिला से प्रदेश सचिव सुमित शर्मा की गिनती केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के सिपहसलारों में होती है। नादौन विस क्षेत्र से ही संबंध रखने वाली बंदना योगी को भाजपा महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बंदना जयराम ठाकुर की सरकार में बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष रही हैं जबकि धर्मपुर विस क्षेत्र से संबंध रखने वाले नरेंद्र अत्री को अनुराग ठाकुर ने पूर्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष और भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव के पद पर भी नियुक्ति दी थी। बड़सर से संबंध रखने वाले विनोद ठाकुर को लगातार दूसरी बार पार्टी ने प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है।
बाक्स:
एक तीर से दो निशाने
पार्टी हाईकमान ने नादौन विधानसभा क्षेत्र में एक तीर से दो निशाने लगाने का प्रयास किया है। नादौन विधानसभा क्षेत्र मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का गृह क्षेत्र है। आगामी लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए यहां से प्रदेश भाजपा में महामंत्री और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त की गई है। लेकिन पार्टी में डॉ. सिकंदर और बंदना योगी की महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति से पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री को भी नुकसान हो सकता है। क्योंकि 2022 के विस चुनाव में हार के बाद भाजपा प्रत्याशी विजय अग्निहोत्री समीक्षा बैठक में अपनी हार के कारणों के लिए बड़े नेताओं पर निशाना साध चुके हैं। बाकायदा राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजे शिकायत पत्र में कुछ बड़े नेताओं के नाम भी शामिल किए थे। अगर बात बंदना योगी की करें तो वह बीते विस चुनावों में नादौन क्षेत्र से पार्टी टिकट की प्रबल दावेदार भी रहीं हैं। प्रदेश कार्यसमिति में नादौन से दो अहम नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी प्रत्याशी बदलने के नजरिए से भी देखा जा रहा है।
बाक्स:
जिला अध्यक्ष भी अनुराग ठाकुर की पसंद का
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष देशराज शर्मा को भी अनुराग ठाकुर का करीबी माना जाता है। इससे पूर्व जिला अध्यक्ष के पद पर बलदेव शर्मा की नियुक्ति भी अनुराग की सिफारिश पर ही हुई थी। हालांकि, प्रदेश उपाध्यक्ष रहीं भोरंज से पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, प्रदेश सचिव रहे डॉ. अनिल धीमान, नादौन से पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, हमीरपुर से पूर्व विधायक नरेंद्र ठाकुर और बड़सर से पूर्व विधायक बलदेव शर्मा को नई कार्यसमिति में कोई अहम पद नहीं मिला है। उन्हें आगामी समय में प्रदेश कार्यसमिति का विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया जा सकता है।