मुख्यमंत्री ने हमीरपुर में 2.30 करोड़ रुपये के सौंदर्यीकरण कार्यों का किया लोकार्पण
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को जिला हमीरपुर में 2.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विभिन्न सौंदर्यीकरण के कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने बस स्टैंड हमीरपुर के सामने रानी झांसी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने भोटा चौक पर वर्षा शालिका, वार्ड नंबर दो में पार्क का सौंदर्यीकरण, गांधी चौक के नवीनीकरण कार्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) के सामने निर्मित पार्क, स्ट्रीट वेंडर मार्केट भोटा, उपायुक्त कार्यालय के समीप निर्मित एस्पिरेशनल टॉयलेट तथा प्रताप नगर चौक, डांकक्वाली चौक व पुरी चौक के नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हमीरपुर में विभिन्न स्थलों को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए काम कर रही है। हमीरपुर शहर को सुंदर बनाने में उनकी व्यक्तिगत रुचि है। नया बस स्टैंड बनने के बाद पुराने बस स्टैंड पर एक बड़ा कांप्लेक्स बनाने की योजना है। इसे एक बस ट्रांजिट स्टेशन के तौर पर विकसित किया जाएगा। इसमें यात्रियों के लिए हर प्रकार की सुविधा मौजूद रहेगी। जल्द ही डीपीआर तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी समय में हमीरपुर शहर के लिए भी कई नई योजनाएं सरकार की ओर से शुरू की जाएंगी।
नगर परिषद हमीरपुर के प्रयासों को सराहा
सीएम सुक्खू ने कहा कि नगर परिषद के वार्डों में विभिन्न विकासात्मक कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है और हमीरपुर शहर को सुंदर बनाना उनकी मुख्य प्राथमिकता है। उन्होंने नगर परिषद हमीरपुर के प्रयासों को सराहा। उन्होंने कहा कि हमीरपुर राज्य के वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर के खेल मैदान में जब पहली बार आए थे तो उसकी हालत काफी खराब थी। उसको अब सुंदर बनाने के लिए काम किया गया है। यह एक सुंदर मैदान बनकर तैयार होगा।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, विधायक रंजीत सिंह राणा, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राम चंद्र पठानिया, पूर्व विधायक अनीता वर्मा, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, सुभाष ढटवालिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला कांग्रेस प्रवक्ता अधिवक्ता रोहित शर्मा, उपायुक्त अमरजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक भगत सिंह, नप कार्यकारी अधिकारी अजमेर ठाकुर, अध्यक्ष मनोज मिन्हास व मनोनीत पार्षद निशांत शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।