डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में गैलरी में लगाए बिस्तर। संवाद
हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गृह जिले हमीरपुर में स्थित डॉ.राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में गायनी वार्ड में महिलाओं को उचित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। अस्पताल में प्रसुता महिलाओं के लिए सिर्फ 50 बेड का ही प्रावधान है। वर्तमान में सभी बेड फुल हो गए हैं। वार्ड के बाहर गैलरी में भी प्रसुता महिलाओं के लिए बेड लगाए गए हैं। इन महिलाओं के साथ आए तीमारदारों को रात को बाहर गैलरी में ही बिस्तर लगाना पड़ता है। कुछ लोगों को तो फोम की शीट मिल जाती है, लेकिन कुछ जमीन पर ही लेटने को मजबूर हो जाते हैं। ऐसे में जब वार्ड पूरी तरह से भरा हुआ है तब कभी-कभी एक ही बेड पर दो-दो महिलाओं को भी शिफ्ट किया जाता है। ऐसे में महिलाओं को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में जिला भर से लोग इलाज करवाने पहुंचते हैं। चिकित्सकों की अच्छी सुविधाओं को देखते हुए गायनी वार्ड के बाहर हर समय कतार लगी रहती है और महिलाएं इसी अस्पताल में अपना इलाज करवाती हैं। प्रसुति के बाद वार्ड फुल होने पर महिलाओं को काफी दिक्कत होती है। वहीं, इन महिलाओं की देखभाल करने के लिए जो व्यक्ति इनके साथ रुकता है उन्हें भी जमीन पर ही सोना पड़ता है।इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि महिलाओं को उचित इलाज उपलब्ध करवाया जाता है। जब कभी वार्ड फुल हो जाता है तो उन्हें अन्य कमरे में शिफ्ट किया जाता है।